logo

पत्नी को कुएं में धकेला, नहीं डूबी तो खुद छलांग लगाकर डुबा दिया

वा्द.jpg

द फॉलोअप टीम, रांचीः
रांची के बेड़ो थानाक्षेत्र के कादोजोरा गांव में पति ने अपनी पत्नी नूर फातमा को कुएं में डुबाकर मार डाला। घटना शनिवार की सुबह नौ बजे की है। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी मुकेश कुमार हेम्ब्रम को बताया कि नूर फातमा सुबह बर्तन धोने के लिए घर के पास कुएं से पानी निकाल रही थी। तभा उसका पति अफसर शेख पहुंचा और पीछे से पत्नी को कुएं में ढकेल दिया। कुएं में गिरने के बाद नूर फातमा चिल्लाने लगी। लेकिन अफसर शेख ने कुएं में गिरी पत्नी को बांस की बल्ली से नीचे की ओर डूबोने लगा। पीड़िता की आवाज सुनकर नूर फातमा की देवरानी कुएं के पास पहुंची तो देखा कि नूर फातमा कुएं में गिरी हुई है। उसने आसपास के लोगों से उसे बचाने के लिए शोर मचाया। इसके बाद नूर फातमा के पति ने कुएं में छलांग लगा दी और कुएं के अंदर ही अपनी पत्नी को डुबाकर मार डाला। 


ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कुएं से निकलकर जाने लगा तो ग्रामीणों ने उसे पकड़कर बेड़ो पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी मुकेश कुमार हेम्ब्रम और एएसआई अक्षय कुमार सिंह ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में मृतका की देवरानी शमा खातून के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सूचना मिलने पर पूर्व मुखिया बुधराम बाड़ा घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पति अफसर शेख नशापान किया करता था। उसकी नशे की हालत में अपनी पत्नी से कहासुनी होती रहती थी। उन्होंने बताया कि मृतका का एक पांच साल का बेटा है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N